एलईडी मोबाइल वैन के ग्राम रथ से ग्रामीणों ने ली सरकारी योजनाओं की जानकारी

@ जयपुर राजस्थान :-

राजस्थान सरकार के ‘एलईडी मोबाइल वैन ग्राम रथ अभियान’ के तहत लगातार दूसरे दिन बुधवार को ग्राम रथ पाली जिले के सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत साकदड़ा, डरी व मणिहारी में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इन कार्यक्रमों में स्थानीय विधायक व पशुपालन मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने मणिहारी में रात्रि चौपाल के दौरान जनसुनवाई कर मौके पर रही समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
इस दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए श्री जोराराम कुमावत ने कहा कि एलईडी मोबाइल वैन के माध्यम से कृषि, पशुपालन, डेयरी, सहकारिता, स्वास्थ्य और पंचायती राज सहित 13 विभागों की जन-कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार किया जा रहा है, जो ‘ग्राम-2026’ और ‘विकसित राजस्थान 2047’ के विजन से जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि इसका मुख्य उदेश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना, पात्र व्यक्तियों तक लाभ पहुँचाना और कृषि-पशुपालन में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देना है। खासकर रात्रि चौपाल के दौरान किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, पीएम आवास योजना, उज्ज्वला योजना और विश्वकर्मा योजना जैसी योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है।
कैबिनेट मंत्री ने मनिहारी में अपने प्रवास के दौरान बायोसा गौशाला का भ्रमण किया। उन्होंने गौशाला में गौवंश के लिए चारा, पानी, छाया इत्यादि की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।  साथ ही उन्होंने गौशाला परिसर में स्थित बायोसा मंदिर में भोपाजी मानाराम जी की समाधि के दर्शन कर इलाके की सुख-समृद्वि एवं खुशहाली की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...