@ नई दिल्ली :-
एयर कमोडोर बी एस विजय राव, वीएसएम ने 1 मार्च, 2026 को एयर ऑफिसर कमांडिंग के रूप में नई दिल्ली के पालम में बेस रिपेयर डिपो की कमान संभाली।

एयर कमोडोर विजय राव ने 27 नवंबर, 1995 को भारतीय वायु सेना की वैमानिकी अभियांत्रिकी (इलेक्ट्रॉनिक्स) शाखा में कमीशन प्राप्त किया था। उनको तीन दशकों से अधिक समय की विशिष्ट और गौरवपूर्ण सेवा का व्यापक अनुभव है। वे इलेक्ट्रिकल इंजीनियर तथा कार्यकारी एमबीए उपाधिधारी हैं और प्रतिष्ठित राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय एवं सेना युद्ध महाविद्यालय के पूर्व छात्र रह चुके हैं।
विजय राव ने अपने गौरवपूर्ण करियर के दौरान, प्रमुख सैन्य अड्डों पर मुख्य अभियंता अधिकारी सहित अनेक महत्वपूर्ण क्षेत्रीय, कार्मिक और परियोजना प्रबंधन दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने वायु मुख्यालय में संचालन, अनुरक्षण एवं योजना शाखाओं में प्रमुख पदों पर कार्य करते हुए भारतीय वायु सेना के आधुनिकीकरण, अधिग्रहण तथा अनुरक्षण कार्यक्रमों को सुदृढ़ बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
एयर कमोडोर विजय राव ने विदेशों में पेशेवर कार्यों में भारतीय वायु सेना का प्रतिनिधित्व किया है और वे वैश्विक एयरोस्पेस संगठनों के साथ प्रमुख उन्नयन एवं प्रौद्योगिकी हस्तांतरण कार्यक्रमों से जुड़े रहे हैं। एयर कमोडोर विजय राव को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया है।
