भोपाल में NASIN निरीक्षक स्तरीय अधिकारियों का दो सप्ताह का प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

@ भोपाल मध्यप्रदेश :-

मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी, भोपाल में National Academy of Customs, Indirect Taxes and Narcotics (राष्ट्रीय सीमा शुल्क, अप्रत्यक्ष कर एवं नारकोटिक्स अकादमी) NASIN विभाग के निरीक्षक स्तर के अधिकारियों के लिए आयोजित दो सप्ताह का प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन पुलिस उप महानिरीक्षक, होमगार्ड एवं आपदा प्रबंधन, भोपाल अमित सांघी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।

31 अगस्त से 12 सितंबर तक आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कस्टम विभाग के 65 निरीक्षक स्तर के अधिकारियों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर अमित सिंह सांघी ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए फील्ड वर्क मैनेजमेंट, कार्य प्रबंधन, प्रशासनिक निर्णय लेने की प्रक्रिया, कानून-व्यवस्था, अपराध अनुसंधान, अनुशासन तथा पुलिस विभाग के साथ प्रभावी समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया।

उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रवर्तन एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े विभागों के बीच बेहतर समन्वय, स्पष्ट कार्यप्रणाली एवं व्यावसायिक दक्षता से शासकीय कार्यों की प्रभावशीलता में वृद्धि होती है। प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव का उपयोग अधिकारी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में बेहतर परिणाम प्राप्त करने के लिए कर सकते हैं।

कानून से लेकर व्यक्तित्व विकास तक विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को परेड एवं अनुशासन, वेपन टैक्टिक्स, न्यायालयीन प्रक्रिया, मानव अधिकार, व्यावसायिक दक्षता, नीतिशास्त्र (Ethics एवं Morality), अपराधशास्त्र, व्यक्तित्व विकास एवं मानव व्यवहार, प्रबंधन एवं वर्क-लाइफ बैलेंस सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

इसके साथ ही अधिकारियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) जैसे नवीन आपराधिक कानूनों के प्रावधानों से भी अवगत कराया गया, ताकि वे अपने कार्यक्षेत्र में कानूनों की प्रभावी समझ के साथ कार्य कर सकें। साथ ही विभिन्न प्रवर्तन एजेंसियों के मध्य बेहतर कार्यसमन्वय एवं परस्पर समझ विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य NASIN (कस्टम एवं अप्रत्यक्ष कर) विभाग के अधिकारियों की कानूनी समझ, अनुशासन, व्यावसायिक दक्षता, नेतृत्व क्षमता एवं कार्य प्रबंधन कौशल को और अधिक सुदृढ़ करना था।

प्रशिक्षण के समापन अवसर पर उप निदेशक, मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी, भोपाल रामजी श्रीवास्तव, रेनू डामोर (IRS),सहायक निदेशक प्रशिक्षण रश्मि पाण्डेय, सहायक निदेशक यास्मीन जहरा सहित अकादमी के वरिष्ठ अधिकारी, स्टाफ तथा NASIN विभाग के अधिकारी एवं स्टाफ उपस्थित रहे।

मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी, भोपाल द्वारा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के लिए आयोजित ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से कानून, अनुशासन, नेतृत्व, व्यावसायिक दक्षता एवं अंतर-विभागीय समन्वय को सुदृढ़ करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...