@ नई दिल्ली :-
भारतीय वायुसेना अपने 94वें स्थापना दिवस के अवसर पर सेवानिवृत्त वायुसेना कर्मियों और उनके जीवनसाथियों के लिए विशेष समारोह आयोजित करने जा रही है। वायुसेना ने सेवानिवृत्त अधिकारियों, मानद कमीशंड अधिकारियों, मास्टर वारंट ऑफिसर्स (MWOs), वारंट ऑफिसर्स (WOs), जूनियर वारंट ऑफिसर्स (JWOs) और सार्जेंट्स को इन आयोजनों में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।

कार्यक्रमों की शुरुआत 1 अक्टूबर 2026 से होगी। इस दिन सेवानिवृत्त JWOs और सार्जेंट्स तथा उनके जीवनसाथियों के लिए समारोह का आयोजन शाम 7 बजे एयर फोर्स स्टेशन नई दिल्ली स्थित इंडोर हैंगर के परेड ग्राउंड में किया जाएगा।
इसके बाद 3 अक्टूबर 2026 को सेवानिवृत्त मानद कमीशंड अधिकारियों, MWOs और WOs तथा उनके जीवनसाथियों के लिए कार्यक्रम आयोजित होगा। यह समारोह शाम 6:30 बजे नई दिल्ली के सुब्रतो पार्क स्थित एयर फोर्स ऑडिटोरियम के लॉन्स में होगा।

वहीं, 4 अक्टूबर 2026 को सेवानिवृत्त अधिकारियों और उनके जीवनसाथियों के लिए विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का समय शाम 7 बजे निर्धारित है और इसका आयोजन भी एयर फोर्स ऑडिटोरियम, सुब्रतो पार्क, नई दिल्ली के लॉन्स में होगा।
वायुसेना ने आमंत्रित पूर्व कर्मियों से कार्यक्रम में शामिल होकर स्थापना दिवस समारोह की गरिमा बढ़ाने का आग्रह किया है। कार्यक्रम से संबंधित आमंत्रण और विस्तृत जानकारी QR कोड स्कैन करके प्राप्त की जा सकती है।

