कोटद्वार श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल में सजी विज्ञान और नवाचार की प्रदर्शनी

@ कोटद्वार उत्तराखंड :-

मंगलवार 03 नवंबर 2026 को विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता को वैज्ञानिक प्रयोगों और आकर्षक मॉडलों के माध्यम से मंच प्रदान करने के उद्देश्य से श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, देवी रोड कोटद्वार में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने विज्ञान, तकनीक, पर्यावरण, संस्कृति और आधुनिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर मॉडल एवं चार्ट प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर आयुक्त नगर निगम कोटद्वार पीएल शाह, विद्यालय की प्रधानाचार्या अनुसूया वर्मा, श्री गुरु राम राय नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजकुमार तथा श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल लालपानी के प्रधानाचार्य डॉ. गिरीश उनियाल ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया।

प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अलग-अलग संकायों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता को प्रदर्शित किया। कला संकाय के छात्र-छात्राओं ने गढ़वाल की समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत और भौगोलिक विशेषताओं को दर्शाते हुए आकर्षक मॉडल तैयार किए। वहीं वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों ने बैंकिंग व्यवस्था और आधुनिक शॉपिंग मॉल की कार्यप्रणाली को मॉडलों के जरिए समझाया।

विज्ञान संकाय के वरिष्ठ विद्यार्थियों ने चंद्रयान-3, विक्रम लैंडर, आदित्य एल-1, हाइड्रोलिक ब्रिज, सोलर सिस्टम, वाटर हार्वेस्टिंग, पर्यावरण एवं जल संरक्षण, ग्रीन एनर्जी और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विद्युत उपकरणों के मॉडल प्रस्तुत किए। कनिष्ठ वर्ग के विद्यार्थियों ने वेस्ट मैनेजमेंट, भूकंप, अलार्म सिस्टम, ऊर्जा संसाधन और ड्रिप इरिगेशन जैसे विषयों पर अपनी समझ प्रदर्शित की। प्राथमिक वर्ग के बच्चों द्वारा बनाए गए ज्वालामुखी, सौरमंडल और फैमिली ट्री के मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।

इस अवसर पर प्रधानाचार्या अनुसूया वर्मा ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विज्ञान केवल पाठ्यक्रम का विषय नहीं, बल्कि नई चीजों को समझने, सवाल पूछने और समस्याओं का समाधान खोजने की सोच विकसित करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनियों से बच्चों में नवाचार, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।

कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...