@ जयपुर राजस्थान :-
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले का जीवन महिला, किसान, मजदूर समेत शोषित एवं वंचित वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित रहा। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी महात्मा ज्योतिबा फुले के मिशन को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सामाजिक एकता और समरसता के मार्ग पर चलकर भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है।
शर्मा शनिवार को बांदीकुई में महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती एवं विकास कार्यों के शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने ज्योतिबा फुले को सच्चा महात्मा कहा था। वहीं, बाबा साहेब ने इनको अपने तीन गुरुओं में से एक माना था। महात्मा ज्योतिबा फुले ने पिछड़ों और महिलाओं के मन में सामाजिक न्याय और शिक्षा की ज्योति जलाई। उन्होंने सामाजिक सुधार की शुरूआत सबसे पहले सावित्री बाई फुले को शिक्षित कर की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने झुग्गी-झोपड़ियों में जाकर बेटियों को पढ़ने के लिए प्रेरित किया। विधवाओं और अनाथों के लिए आश्रय गृह खोले एवं महिला अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उन्होंने महिला अधिकारों के लिए मंगलाष्टकों की रचना की। ज्योतिबा फुले ने पीड़ित किसानों और मजदूरों के हितों के लिए भी संघर्ष किया।
जनकल्याणकारी योजनाओं से सभी वर्गों का हो रहा उत्थान
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के उत्थान के लिए पूरे समर्पण के साथ कार्य कर रही है। पीएम किसान सम्मान निधि के 6 हजार रुपये की सालाना राशि को बढ़ाकर 9 हजार रुपये किया गया है। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद के लिए किसानों को 150 रुपये का बोनस दे रहे हैं। वहीं, 20 लाख महिलाओं को प्रशिक्षित कर 16 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में आमजन एवं किसानों के लिए सवा दो साल से हमारी सरकार महत्वपूर्ण पेयजल एवं सिंचाई परियोजनाओं पर कार्य कर रही है। प्रदेश के 24 जिलों में किसानों को दिन में बिजली दी जा रही है। उन्होंने कहा कि गत सरकार में पेपरलीक से युवाओं के सपने टूटे, लेकिन हमारी सरकार में एक भी पेपरलीक नहीं हुआ। अब तक 1 लाख 25 हजार से अधिक सरकारी पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं एवं 1 लाख 25 हजार सरकारी नौकरियों की भर्ती का मार्ग प्रशस्त कर कैलेण्डर जारी किया है।
प्रदेश के विकास में केंद्र सरकार का मिल रहा पूर्ण सहयोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के विकास में केंद्र सरकार का पूर्ण सहयोग मिल रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमण्डल ने एक ही दिन में एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी की संशोधित लागत एवं जयपुर मेट्रो फेज-2 जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं को मंजूरी दी। हमारी सरकार सभी वर्गों के विकास के लिए कार्य कर रही है। आमजन से किए सभी वादों को पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पेपरलीक, जेजेएम घोटाला और भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर का जीवन हमें सीख देता है कि हिम्मत से किसी भी बाधा को पार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि फुले का जीवन हम सभी को समानता और बेटियों को शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रेरित करता है। बाबा साहेब ने भी इन कार्यों को आगे बढ़ाने का काम किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में हमारी सरकार बेटियों और महिलाओं को सशक्त बना रही है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान के हर क्षेत्र में विकास हो रहा है। मुख्यमंत्री राम जल सेतु लिंक परियोजना के जरिए 17 जिलों को पेयजल और सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध करवाने की जिम्मेदारी बखूबी निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार द्वारा आमजन से किए गए सभी वादों को पूरा किया जा रहा है। पिछले सवा दो साल में सभी भर्ती परीक्षाएं समयबद्ध रूप से संपन्न हुई हैं।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद राजेन्द्र गहलोत, विधायक भागचंद टांकड़ा, राजेन्द्र मीना, रामविलास मीना, विक्रम बंशीवाल, हंसराज मीना, देवी सिंह शेखावत सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
प्रदेश व बांदीकुई को मिली शिक्षा सहित विकास कार्यों की विभिन्न सौगातें
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती के अवसर पर दौसा जिले में 607.66 करोड़ रुपये की लागत से 213 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें ऊर्जा विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पशुपालन, स्कूल शिक्षा, स्वायत्त शासन, वन, कृषि, सार्वजनिक निर्माण, आयुर्वेद, ग्रामीण विकास, जल संसाधन एवं सहकारिता विभाग के विकास कार्य शामिल हैं।
शर्मा ने विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देने के साथ ही बांदीकुई पॉलिटेक्निक कॉलेज का नाम महात्मा ज्योतिबा फुले के नाम पर करने, बांदीकुई दौसा रेलवे फाटक पर आरओबी निर्माण तथा बांदीकुई एवं बसवा नगरपालिका में सीवरेज व ड्रेनेज गैप के कार्य स्वीकृत करने की घोषणा की। साथ ही, प्रदेश के प्रत्येक ब्लॉक में एक उच्च माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों एवं युवाओं की शिक्षा के साथ विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए ‘सावित्री बाई फुले ई-लाइब्रेरी‘ की स्थापना एवं समस्त जिलों में ‘महात्मा ज्योतिबा फुले आदर्श विद्यालय‘ स्थापित करने की घोषणा की।
