@ कमल उनियाल उत्तराखंड :-
मुख्यमंत्री विद्यार्थी शैक्षिक दर्शन योजना एवं मेधावी अष्टलक्ष्मी दर्शन योजना के अंतर्गत भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जयहरीखाल के विद्यार्थियों ने देश के विभिन्न शैक्षिक और सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण किया।

मुख्यमंत्री विद्यार्थी शैक्षिक दर्शन योजना के तहत महाविद्यालय की चार छात्राएँ – मनीषा (एम. ए. तृतीय सेमेस्टर), साक्षी ( बी. कॉम. पंचम सेमेस्टर), मानसी ( बी. कॉम. पंचम सेमेस्टर), और काजल (एम. कॉम. तृतीय सेमेस्टर), का चयन किया गया। छात्राओं ने 3 से 7 नवम्बर तक वाराणसी स्थित बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय (बी. एच. यू.) का भ्रमण किया।
तीन दिवसीय इस यात्रा में बी . एच. यू. के विभिन्न संकायों, पुस्तकालयों, शिक्षकों और विद्यार्थियों से विचार-विमर्श प्रमुख गतिविधियाँ रहीं। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने विंध्यवासिनी मंदिर, भारत कला भवन संग्रहालय, गंगा घाट, मनिकर्णिका घाट, नमो घाट, सारनाथ मंदिर, काशी विश्वनाथ मन्दिर और मालवीय भवन आदि स्थलों का भी दर्शन किया।
मुख्यमंत्री विद्यार्थी शैक्षिक दर्शन योजना पिछले वर्ष प्रारम्भ हुई और सभी संकायों से कुल 5 मेधावी छात्र – छात्राओं ने पिछले वर्ष जवाहर लाल नेहरु विश्वविद्यालय (जे. एन. यू.) का भ्रमण किया ।

इसी क्रम में, महाविद्यालय के छात्र नवनीत रावत (बी. एस. सी. पंचम सेमेस्टर) का चयन मेधावी अष्टलक्ष्मी दर्शन योजना (1 से 14 नवम्बर 2025) के अंतर्गत किया गया, जिसमें देश के उत्तरपूर्वी राज्यों का भ्रमण करवाया गया। इस यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने ज़ीरो घाटी, उच्च न्यायालय गुवाहाटी, अरुणाचल प्रदेश विधानसभा, सोपो घाटी और ओजो वेलफेयर सोसाइटी आदि स्थलों का अवलोकन किया।
भ्रमण से लौटकर छात्र-छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इन योजनाओं से शैक्षिक दृष्टिकोण का विस्तार होता है तथा विभिन्न राज्यों की संस्कृति, सामाजिक जीवन और शैक्षिक संस्थानों के प्रति नई समझ विकसित होती है। सभी छात्र – छात्राएं भ्रमण के बाद बहुत उत्साहित थे।
