राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्ट्रपति ने देशवासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं

@ नई दिल्ली :-

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने दीपावली के पावन अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। दोनों संवैधानिक प्रमुखों ने अपने सोशल मीडिया संदेशों के माध्यम से दीपावली के सांस्कृतिक, धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व को रेखांकित करते हुए देश में सुख, शांति, समृद्धि और आपसी सद्भाव की कामना की।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में भारत और विदेशों में रह रहे सभी भारतीयों को दीपावली की बधाई दी। उन्होंने कहा कि दीपावली का सांस्कृतिक और भक्तिपूर्ण आधार भगवान श्रीराम के रावण पर विजय प्राप्त करने के बाद अयोध्या लौटने की खुशी में मनाए गए दीपोत्सव से जुड़ा है। यह पर्व रामराज्य के शुभारंभ का भी प्रतीक है।

राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा कि दीपावली बुरी प्रवृत्तियों पर अच्छे संस्कारों की विजय का संदेश देती है। यह त्योहार जीवन से कष्टों के समाप्त होने और सुखमय भविष्य की शुरुआत का विश्वास जगाता है। इस अवसर पर भगवान श्रीगणेश और माता महालक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर सभी के कल्याण, खुशहाली और समृद्धि की कामना की जाती है।

उन्होंने कामना की कि देश के प्रत्येक नागरिक के जीवन में स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि बनी रहे। साथ ही पर्यावरण का संरक्षण हो, समाज में समरसता और बंधुता मजबूत बने तथा युवा पीढ़ी भारतीय आदर्शों और मूल्यों से प्रेरित होकर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान दे।

वहीं, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी देशवासियों और दुनिया भर के लोगों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश, बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का उत्सव है। यह पर्व हमें ‘सत्यमेव जयते’ के शाश्वत आदर्श की याद दिलाता है।

उपराष्ट्रपति ने आशा व्यक्त की कि दीपावली प्रत्येक घर में खुशियां, शांति और खुशहाली लेकर आएगी तथा समाज में एकता, प्रेम और आपसी मेलजोल के बंधन को और मजबूत करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...