@ नई दिल्ली :-
रक्षाबंधन के मद्देनजर डाक विभाग ने राखियों की समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली में विशेष व्यवस्थाएं की हैं। विभाग ने दिल्ली सर्किल के तहत 34 प्रमुख डाकघरों के अलावा दिल्ली रेलवे स्टेशन और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर विशेष राखी काउंटर स्थापित किए हैं। इन काउंटरों के माध्यम से राखियों और अन्य महत्वपूर्ण पार्सलों की बुकिंग एवं प्रेषण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

डाक विभाग ने ग्राहकों से अपील की है कि वे अपनी राखियां समय रहते भेजें, ताकि त्योहार से पहले उनकी सुरक्षित डिलीवरी सुनिश्चित हो सके। विभाग ने तेज और भरोसेमंद सेवा के लिए 24 स्पीड पोस्ट और 48 स्पीड पोस्ट सेवाओं का उपयोग करने की सलाह दी है। इन सेवाओं के तहत निर्धारित समय में डिलीवरी की गारंटी दी जाती है। यदि तय समय में डाक नहीं पहुंचती है तो ग्राहकों को मनी बैक गारंटी का लाभ भी मिलेगा।
इस वर्ष रक्षाबंधन 28 अगस्त 2026 को मनाया जाएगा। इसे ध्यान में रखते हुए डाक विभाग ने 22 अगस्त 2026 तक राखी मेल की बुकिंग और प्रेषण के लिए विशेष अभियान चलाया है। विभाग के अनुसार, 24 स्पीड पोस्ट सेवा 35 चयनित बुकिंग केंद्रों पर उपलब्ध है, जिसके माध्यम से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, चेन्नई और हैदराबाद सहित छह प्रमुख महानगरों में त्वरित डिलीवरी की सुविधा दी जा रही है।
संचार मंत्रालय के अनुसार, त्योहारी सीजन में यह पहल ग्राहकों को तेज, सुरक्षित और समयबद्ध डाक सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है। राजधानी के प्रमुख डाकघरों और स्पीड पोस्ट केंद्रों पर अतिरिक्त व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों की राखियां समय पर अपने भाइयों तक पहुंच सकें।
