संस्कृति मंत्रालय ने विशेष अभियान 6.0 की तैयारी पूरी की

@ नई दिल्ली :-

संस्कृति मंत्रालय प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) द्वारा शुरू किए गए विशेष अभियान 6.0 में सक्रिय रूप से भाग ले रहा है। देशभर में मंत्रालय के संबद्ध, अधीनस्थ और स्वायत्त संगठन विशेष अभियान चलाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। अभियान की शुरुआत 16 से 30 सितम्‍बर, 2026 तक आयोजित तैयारी चरण से हुई, जिसके दौरान अभियान अवधि में निपटान और स्वच्छता से संबंधित लक्ष्यों को निर्धारित किया गया। अभियान का कार्यान्वयन चरण 2 अक्टूबर, 2026 से शुरू होकर 31 अक्टूबर, 2026 तक जारी रहेगा। अभियान के दौरान सरकारी कार्यालयों में ई-कचरे के निपटान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

विशेष अभियान के तैयारी चरण के दौरान मंत्रालय और उसके संगठनों ने देशभर में स्वच्छता के लिए 595 स्थलों की पहचान की है। इसके अलावा, मंत्रालय ने निपटान एवं समाधान के लिए लंबित 80 सांसद संदर्भ, 46 संसदीय आश्वासन, 26 पीएमओ संदर्भ, 28 राज्य सरकारों के संदर्भ और 92 जन शिकायतों तथा 44 जन शिकायत अपीलों की पहचान की है। इसके साथ ही, समीक्षा के लिए 31,515 भौतिक फाइलों और 323 ई-फाइलों की भी पहचान की गई है।

सितम्‍बर 2026 के दौरान स्वच्छता ही सेवा (एसएचएस) अभियान 2026 के तहत संस्कृति मंत्रालय की गतिविधियों तथा 02.10.2026 को आगामी गतिविधि का विवरण नीचे दिया गया है:

i. स्‍लोगन-लेखन प्रतियोगिता: मंत्रालय के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए “स्वच्छता में सहभाग” विषय पर 18.09.2026 को स्‍लोगन-लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई।

ii. पोस्टर-निर्माण प्रतियोगिता: मंत्रालय के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए “स्वच्छ भारत, विकसित भारत” विषय पर 22.09.2026 को पोस्टर-निर्माण प्रतियोगिता आयोजित की गई।

iii. नुक्कड़ नाटक: राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) के सहयोग से स्वच्छता, विरासत और संस्कृति से संबंधित विषयों पर 23.09.2026 को कर्तव्य भवन-02 के सामान्य लॉन में नुक्कड़ नाटक आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न मंत्रालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।

iv. श्रमदान अभियान एवं अभिलेख छंटाई अभियान: राष्ट्रीय अभिलेखागार (एनएआई) के समन्वय से 29.09.2026 को एनएआई के लॉन में श्रमदान अभियान आयोजित किया गया, जिसमें मंत्रालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इसके अलावा, मंत्रालय के अधिकारियों द्वारा एनएआई के रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण किया गया और अभिलेख संरक्षण अनुसूची संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुसार फाइलों की समीक्षा की गई। अनेक पुरानी फाइलों की छंटाई के लिए पहचान की गई।

v. “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” श्रमदान एवं पौधरोपण अभियान: एसएचएस अभियान के तहत भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के समन्वय से “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” श्रमदान एवं पौधरोपण अभियान 02.10.2026 को दिल्ली के पुराना किला में आयोजित किया जाएगा, जिसमें मंत्रालय के अधिकारी और कर्मचारी भाग लेंगे।

इसके अलावा, राष्ट्रीय अभिलेखागार में 29.09.2025 को अभिलेख प्रबंधन पर एक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया।

दैनिक प्रगति की निगरानी की जाएगी और इसे प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग द्वारा संचालित एससीडीपीएम पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। सभी संबद्ध, अधीनस्थ और स्वायत्त संगठन अभियान में पूरे उत्साह के साथ सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं, ताकि निर्धारित अवधि के लिए मंत्रालय द्वारा तय किए गए लक्ष्यों को प्राप्त किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...