@ नई दिल्ली :-
अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर पूर्वी दिल्ली के कड़कड़डूमा स्थित ईस्ट दिल्ली हब में आयोजित “श्रमवीर उत्सव 2026 कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. अरविंद (महानिदेशक, वी.वी. गिरी राष्ट्रीय श्रम संस्थान) एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में डीसीपी शाहदरा आर.पी. मीणा ने शिरकत की।

यह कार्यक्रम अमावस्या फाउंडेशन द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें NBCC और NCC का सहयोग रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य श्रमिकों और उनके बच्चों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा समाज में उनके योगदान को सम्मान देना था।
इस अवसर पर NBCC के जनरल मैनेजर अनुराग सिंघल, वरिष्ठ समाजसेवी एवं पत्रकार राजीव निशाना भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए श्रमिकों के उत्थान के लिए ऐसे आयोजनों को अत्यंत आवश्यक बताया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अरविंद ने अपने संबोधन में श्रमिकों को देश की विकास धुरी बताते हुए कहा कि “मजदूरों के परिश्रम से ही राष्ट्र निर्माण संभव है। वहीं डीसीपी आर.पी. मीणा ने श्रमिकों के बच्चों को शिक्षा और संस्कार के महत्व पर जोर देते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

उत्सव में श्रमिकों एवं उनके बच्चों द्वारा नृत्य, गीत-संगीत, नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अमावस्या फाउंडेशन की कार्यकारी अध्यक्ष वेदिका ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कई दिनों तक श्रमिकों एवं उनके परिवार के बच्चों को लगातार प्रशिक्षण (प्रैक्टिस) कराकर कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम योगदान दिया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं प्रेरणादायक आयोजनों को जारी रखने का संकल्प लिया।

