स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील एवं जागरूक होना जरूरी : उप मुख्यमंत्री

@ भोपाल मध्यप्रदेश :-

उप मुख्यमंत्री एवं शहडोल जिले के प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने रोटरी क्लब शहडोल, मंडला मेकल एवं जबलपुर, राजकृष्ण तन्खा फाउंडेशन, चिरायु मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल भोपाल तथा लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के सहयोग से संभागीय मुख्यालय शहडोल के शासकीय आईटीआई परिसर में आयोजित तीन दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील और जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बाहर के खान-पान से बचना चाहिए। रोटरी क्लब द्वारा आयोजित यह निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर जरूरतमंद लोगों की सेवा का एक अत्यंत पुनीत कार्य है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू की गई आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को 5 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे बड़ी से बड़ी बीमारी का उपचार भी निःशुल्क संभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य के क्षेत्र में अनेक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। निरोगी काया अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले द्वारा घर-घर जाकर बीपी, शुगर, ह्रदय रोग, फैटीलीवर, कैंसर सहित अन्य बीमारियों की जांच की जा रही है और बालिकाओं के हिमोग्लोबिन की नियमित जांच की जा रही है, जिससे आने वाली पीढ़ी स्वस्थ और सुरक्षित रह सके।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि 28 फरवरी को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के तहत 14 से लेकर 15 वर्ष 03 माह तक की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीनेशन सर्वाइकल कैंसर से बचाव का अत्यंत प्रभावी माध्यम है। इसलिए सभी लोग अपनी 14 वर्षीय बेटियों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में ले जाकर निःशुल्क जीवनरक्षक एचपीव्ही टीका अवश्य लगवाएं।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि वर्तमान में खान-पान एवं जीवनशैली ठीक नहीं होने के कारण बीमारियों का प्रकोप बढ़ा है। हमें जीवन में योग, प्राणायाम अपनाने के साथ ही धरती को सेहतमंद बनाने के लिए प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ना होगा। गोबर और गौमूत्र से धरती को सेहतमंद बनाकर शुद्ध अन्य उपजाकर सेवन करने से स्वास्थ्य में भी सुधार होगा। आपने कहा कि दूषित जल से अनेकों जल जनित बीमारियां जन्म लेती हैं। साशन द्वारा इन बीमारियों से बचाव हेतु जन जीवन मिशन के तहत घर-घर शुद्ध जल पहुचाने का कार्य किया जा रहा है। प्राकृतिक खेती स्वस्थ समाज और धरती के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

प्रधानमंत्री एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे समाज स्वस्थ होगा और अस्पतालों में रोगियों की संख्या कम होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य शिक्षा और रोजगार की दिशा में प्रमुखता से कार्य कर रही है। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाया जा रहा है। लगातार मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ रही है। सरकार का लक्ष्य है कि सभी संसदीय क्षेत्रों में मेडिकल कॉलेज संचालित हों। शुक्ल ने रोटरी राहत शिविर की सराहना करते हुए कहा कि चलित अस्पताल आपके क्षेत्र में आया है इसका लाभ समाज के सभी वर्गों को दिया जाए। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि ब्लाइंड बच्चों की पहचान कर एवं बाल ह्रदय के पीड़ित बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण इस शिविर के माध्यम से कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...