वृद्धजन हमारी अमूल्य धरोहर, उनके अनुभव और आशीर्वाद से समृद्ध होता समाज : मंत्री

@ भोपाल मध्यप्रदेश :-

सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि वृद्धजन हमारे परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन का अनुभव, ज्ञान और आशीर्वाद नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शन का आधार है। वृद्धजनों का सम्मान केवल एक दिन तक सीमित न रहकर हमारे व्यवहार और संस्कारों का हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने यह बात अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध जन्म दिवस के अवसर पर प्रशासन अकादमी के स्वर्ण जयंती सभागार में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में कहीं। कार्यक्रम में 500 से अधिक वृद्धिजनों को शाल फल देकर सम्मानित किया गया कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद आलोक शर्मा ने की तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक भगवानदास सबनानी उपस्थित थे।

मंत्री कुशवाह कहा कि कार्यक्रम में ऐसे वयोवृद्ध भी उपस्थित हैं, जिन्होंने अपने जीवन के 100 वर्ष पूरे किए हैं। उनके पास एक शताब्दी का अनुभव है, जिससे समाज और युवा पीढ़ी बहुत कुछ सीख सकती है। 100 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके वरिष्ठजन एक खुली किताब की तरह होते हैं। उनके साथ बैठकर, उनसे संवाद कर उनके जीवन के अनुभव और ज्ञान को आत्मसात किया जा सकता है। वरिष्ठजन परिवार से जुड़े रहें और उन्हें अनावश्यक सामाजिक बंदिशों में न बांधा जाए। जो वृद्धजन स्वस्थ हैं और काम करना चाहते हैं, उन्हें अपनी क्षमता के अनुसार सक्रिय रहने के अवसर मिलना चाहिए।

मंत्री कुशवाह ने कहा कि भारत की पारिवारिक व्यवस्था, संस्कार और जीवन-मूल्य पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा का विषय हैं। दुनिया के कई विकसित देश भी परिवार, बुजुर्गों के सम्मान और जीवन-मूल्यों से जुड़ी भारतीय परंपराओं से सीख रहे हैं। हमें अपनी इस समृद्ध परंपरा को और मजबूत करते हुए वृद्धजनों के सम्मान और सेवा को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।

भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि वरिष्ठजनों ने अपने अनुभव, योगदान और संस्कारों से परिवार एवं समाज को समृद्ध किया है। उनका सम्मान और गरिमापूर्ण उपस्थिति परिवार तथा समाज की समृद्ध परंपरा का प्रतीक है। उनके जीवन का अनुभव नई पीढ़ी को निरंतर प्रेरणा देता है।

विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वृद्धजनों का सम्मान समाज में उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। उनके अनुभव और आशीर्वाद समाज के लिए अमूल्य हैं। उन्होंने सभी वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखी जीवन की कामना की।

परशुराम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष पं. विष्णु राजोरिया ने अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि माता-पिता और वृद्धजनों की सेवा एवं सम्मान हमारी संस्कृति की महत्वपूर्ण पहचान है। परिवार और समाज में वरिष्ठजनों के अनुभव एवं मार्गदर्शन को सम्मान देना हमारी जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में 100 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाली तीन शतायु माताओं राजूबाई, तुलसीबाई एवं कौशल्या देवी को विशेष शतायु सम्मान प्रदान किया गया। तीनों शतायु माताओं को ₹5,100 की सम्मान राशि एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में जरूरतमंद दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल वितरित की गईं। इससे उन्हें आवागमन में सुविधा मिलेगी और दैनिक गतिविधियों में अधिक आत्मनिर्भरता प्राप्त होगी। वृद्ध मित्रों ने सक्रिय रूप से अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने वरिष्ठजनों की सहायता करने, उन्हें कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहयोग किया।

कार्यक्रम में प्रमुख सचिव सोनाली पोंक्षे वायंगणकर, आयुक्त कृष्ण गोपाल तिवारी सहित विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में वरिष्ठजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...