डीआरआई ने दिल्ली में अवैध ड्रग्स फैक्ट्री पकड़ी, 148 किलो अल्प्राजोलम इंटरमीडिएट जब्त

@ नई दिल्ली :-

भारत में मादक पदार्थों और साइकोट्रॉपिक पदार्थों के गुप्त रूप से निर्माण के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए, राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने 15–16 नवंबर, 2026 के दौरान नई दिल्ली के गाजीपुर में अल्प्राजोलम का अवैध रूप से निर्माण करने वाली एक प्रयोगशाला का भंडाफोड़ किया।

खुफिया जानकारी के आधार पर की गई इस कार्रवाई के दौरान डीआरआई के अधिकारियों ने एक ऐसे परिसर की तलाशी ली, जो भ्रामक रूप से कंप्यूटर की दुकान की आड़ में संचालित किया जा रहा था।

तलाशी के दौरान वहां एक पूरी तरह से कार्यरत गुप्त प्रयोगशाला का पता चला। इस प्रयोगशाला में रासायनिक अभिक्रिया के लिए आवश्यक उपकरण, वाटर चिलर, वैक्यूम एग्जॉस्ट मशीन तथा विनिर्माण प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण लगे हुए थे।

इस कार्रवाई के दौरान ठोस और तरल रूप में 148 किलोग्राम अल्प्राजोलम इंटरमीडिएट बरामद किया गया। इसके अतिरिक्त, विनिर्माण प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाला लगभग 1,046 किलोग्राम कच्चा माल एवं रसायन तथा 188 लीटर अतिरिक्त रसायन/तरल पदार्थ भी बरामद किए गए। नार्कोटिक औषधि और साइकोट्रॉपिक पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस), 1985 के प्रावधानों के तहत प्रयोगशाला के उपकरणों और इससे संबंधित सामग्रियों को भी जब्त कर लिया गया।

गुप्त प्रयोगशाला का संचालन करने वाले व्यक्ति को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया।

अल्प्राजोलम बेंजोडायजेपाइन श्रेणी का एक साइकोट्रॉपिक पदार्थ है, जिसका विपणन आमतौर पर जेनैक्स, अल्प्रैक्स आदि ब्रांड नामों से किया जाता है। यह एक चिकित्सकीय पर्चे पर मिलने वाली दवा है, जिसका उपयोग मुख्य रूप से चिंता और घबराहट संबंधी विकारों के उपचार में किया जाता है।

हालांकि, इसका दुरुपयोग, इस पर निर्भरता की संभावना और अवैध माध्यमों से इसकी आपूर्ति सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। अल्प्राजोलम को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत अधिसूचित साइकोट्रॉपिक पदार्थ के रूप में शामिल किया गया है। इसके अनधिकृत निर्माण, कब्जे, बिक्री और वितरण पर इस अधिनियम के तहत दंडात्मक प्रावधान लागू होते हैं।

यह कार्रवाई डीआरआई द्वारा हाल ही में 29 अक्टूबर, 2026 को उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में एक बड़ी गुप्त सिंथेटिक मादक पदार्थ निर्माण प्रयोगशाला का भंडाफोड़ किए जाने के बाद की गई है। उस कार्रवाई में उत्तर प्रदेश एटीएस ने संचालन संबंधी सहायता प्रदान की थी। इस अभियान के दौरान लगभग 1,100 किलोग्राम मादक पदार्थ और प्रीकर्सर केमिकल तथा विनिर्माण उपकरण जब्त किए गए थे। साथ ही, दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया था।

जालौन में की गई कार्रवाई के कुछ ही सप्ताह के भीतर दिल्ली में गुप्त प्रयोगशाला का भंडाफोड़ किया जाना, अवैध मादक पदार्थ निर्माण केंद्रों की पहचान कर उन्हें नष्ट करने, अवैध आपूर्ति श्रृंखला से बड़ी मात्रा में इंटरमीडिएट पदार्थों और प्रीकर्सर केमिकल को हटाने तथा ऐसी गतिविधियों को संचालित करने वाले नेटवर्क को रोकने पर डीआरआई के बढ़ते फोकस को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...