राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी कोटद्वार में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का समापन

@ कोटद्वार उत्तराखंड :-

राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी कोटद्वार में केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देशानुसार 26 अक्टूबर से 01 नवंबर 2026 तक चल रहे सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आज दिनांक 01.11.2026 को विधिवत समापन हो गया। इस वर्ष सप्ताह की थीम “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” रही।

सप्ताह भर के दौरान महाविद्यालय द्वारा छात्र-छात्राओं में नैतिक मूल्यों और भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके तहत महाविद्यालय परिसर में सभी प्राध्यापकों और छात्र-छात्राओं को सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा दिलाई गई, जिसमें उन्होंने जीवन के हर क्षेत्र में ईमानदारी, पारदर्शिता और कानून के नियमों का पालन करने तथा न रिश्वत लेने और न देने की शपथ ली।

इसके साथ ही “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” विषय पर निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण पर अपने विचार रखे।

जागरूकता अभियान को परिसर से बाहर विस्तार देते हुए महाविद्यालय की टीम द्वारा स्थानीय स्कूलों में भी जागरूकता अभियान चलाया गया। स्कूली बच्चों को ईमानदारी का महत्व, नैतिक शिक्षा और भ्रष्टाचार के दुष्परिणामों के बारे में बताया गया। बच्चों को छोटी उम्र से ही सत्यनिष्ठ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि वे भविष्य में एक जिम्मेदार और ईमानदार नागरिक बन सकें।

इसी क्रम में महाविद्यालय की टीम द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। ग्रामीण महिलाओं को एकत्रित कर उन्हें सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा फॉर्म पर हस्ताक्षर कराए गए और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। ग्रामीण महिलाओं में इस अभियान को लेकर काफी उत्साह देखा गया।

सभी कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ हरिश्चंद् जी के मार्गदर्शन एवं डॉ अशोक कुमार मित्तल ,डॉ. दीप सिंह, डॉ. कविता अहलावत एवं डॉ. हरि ओम शरण बहुगुणा, योग प्रशिक्षक आकांक्षा, के सहयोग से संचालित किए गए ।

इस अवसर पर कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. वी. के. सैनी ने ग्रामीणवासियों और विद्यार्थियों को सरकार द्वारा जारी किए गए महत्वपूर्ण टोल-फ्री नंबरों, सीवीसी पोर्टल और अन्य शिकायत निवारण माध्यमों की विस्तृत जानकारी दी, जिन पर वे अपनी शिकायत दर्ज कर भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद कर सकते हैं। समापन अवसर पर सभी ने ईमानदार भारत, विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

LIVE OFFLINE
track image
Loading...